अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा की तैयारी पूर्ण, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु अधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 09, 2026
- 7 views
रोहतास।बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में "अधिनायक लिपिक" पद पर चयन हेतु लिखित परीक्षा दिनांक 10 जून 2026 को सासाराम के 17 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक संचालित होगी तथा अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय पूर्वाह्न 08:30 बजे निर्धारित किया गया है। परीक्षा में कुल 9360 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में केन्द्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। बैठक में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजद रहे। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास द्वारा जारी संयुक्तादेश का सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा सुरक्षा मानकों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों एवं दण्डाधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री एवं लिखित सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व अर्थात पूर्वाह्न 09:30 बजे परीक्षा केन्द्रों का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके पश्चात किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिए ई-प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा एवं कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय भवनों की छतों से भी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी बाहरी तत्व की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अक्षुण्ण बनी रहे।
परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी। विशेष परिस्थिति में शौचालय जाने वाले अभ्यर्थियों की तलाशी एवं निगरानी अनिवार्य रूप से की जाएगी। परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु समाहरणालय, रोहतास में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06184-226072/226093 है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सुरक्षित स्टैटिक दंडाधिकारी एवं सुरक्षित जोनल दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त रहेंगे।
नियंत्रण कक्ष से परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों की गतिविधियों पर पल-पल नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु अग्निशमन, चिकित्सा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बज्रवाहन, वाटर कैनन तथा अश्रुगैस सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दिन विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में ललित भूषण रंजन, अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास रहेंगे। जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे।
सभी केन्द्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन के दौरान आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया।


रिपोर्टर