उपार्जन में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं डबल पंजीयन निरस्त करें - कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा

गलत रकबे पर कार्रवाई तय सभी व्यवस्थाएं ई-टोकन से पारदर्शी हों- कलेक्‍टर डॉ. मिश्रा

राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजीत कुमार सिंह, उप संचालक कृषि श्री सचिन जैन सहित एसएलआर, नान एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपार्जन कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएमओ राजगढ़ श्री बाबन शर्मा के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उनके विरुद्ध कार्यवाही हेतु कमिश्नर को पत्राचार करने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्‍होंने निर्देशित किया कि जिन समितियों में पंजीयन की संख्या अधिक है, वहां विशेष जांच की जाए। डबल पंजीयन पाए जाने पर तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पटवारी एवं समिति ऑपरेटर को समन्वय के साथ अन्य नामों से किए गए पंजीयन का सत्यापन करने को कहा गया। बैठक में सभी एसडीएम से उपखंडवार रकबे की जानकारी ली गई। गलत रकबे पर पंजीयन कराने वाली समितियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आरईओ एवं सर्वेयर का प्रशिक्षण उसी दिन आयोजित कराने तथा नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण अगले दिन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को मंडी व्यापारियों का सत्यापन करने के सख्त निर्देश दिए गए तथा गोदामों के निरीक्षण कर उनकी रिपोर्ट समक्ष में प्रस्तुत करने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन किसानों द्वारा ऋण अदायगी में डिफॉल्ट किया गया है, उनके खसरे में प्रविष्टि की जाए। साथ ही बैंकवार जानकारी एकत्र कर उसे खसरा अनुसार लिंक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा पटवारियों को हल्का स्तर पर उपार्जन पंजीयन की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी उपार्जन कार्य ई-टोकन के माध्यम से सुनिश्चित किए जाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट