भिवंडी में विकास की ट्रिपल डोज

मछली मार्केट का उद्घाटन, 5 करोड़ के स्कूल प्रोजेक्ट और सड़क कार्यों का निरीक्षण


भिवंडी। शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विधायक महेश चौघुले ने विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाते हुए एक ही दिन में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश भी दिए। सबसे पहले तीनबत्ती स्थित नवनिर्मित मछली मार्केट भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह भवन विधायक निधि से तैयार किया गया है, जिससे मछली विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान और नागरिकों को स्वच्छ व आधुनिक बाजार की सुविधा मिलेगी। इसके बाद विधायक ने निजामपुर स्थित ‘पीली स्कूल’ के पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता में कोई समझौता न करने और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने निजामपुर रोड के कंक्रीटीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा। इस अवसर पर महापौर नारायण चौधरी, स्थानीय नगरसेवक बाबा बाऊद्दिन सहित महानगरपालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।विधायक महेश चौघुले ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट