शिवहर में भाजपा का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, कार्यकर्ताओं में दिखा खासा उत्साह
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 07, 2026
- 10 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को शिवहर जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में पूरे उत्साह, उमंग और संगठनात्मक जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह जिला अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह द्वारा विधिवत झंडातोलन कर की गई। जैसे ही पार्टी का ध्वज फहराया गया, पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए स्थापना दिवस की खुशी साझा की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुजफ्फरपुर के माननीय विधायक रंजन कुमार उपस्थित रहे। झंडातोलन के बाद भाजपा कार्यालय के सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि रंजन कुमार, जिला अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रंजन कुमार ने भाजपा के स्थापना काल से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जिसका श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्रहित में कार्य करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के सिद्धांतों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। मंच का संचालन जिला महामंत्री धर्मेन्द्र पाण्डेय ने किया तो वही धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार राजू ने किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के इतिहास, सिद्धांतों और उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बसंत कुमार सिंह जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ नूतन माला सिंह, आदित्य कुमार सिंह, जय प्रकाश गुप्ता, राजीव पाण्डेय, जिला मंत्री मुकेश राठौड़, अनिल कुमार, मनोज कुमार, बजरंगी सिंह,बेबी देवी,विद्धि प्रकोष्ठ जिला संयोजक शशि सुमन जी, अतिपिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार, आई टी सेल जिला संयोजक उत्तम पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह,जिला मीडिया सह प्रभारी खुशनंदन कुशवाहा, जिला प्रवक्ता अशोक यादव अलबेला, भारत भूषण दुबे,
नगर मंडल अध्यक्ष बैद्यनाथ गुप्ता,युवा मोर्चा नेता नितेश गिरी, ऋषभ कुमार, लक्ष्मी कुमारी, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष सन्नी कुमार, महामंत्री अविनाश कुमार, नीरज कुमार, विक्रम कुमार, पप्पू साह, कार्यालय मंत्री रत्नेश सोनी इत्यादि बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और अनुशासन का विशेष माहौल देखने को मिला।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर