गैस एजेंसी कर्मी पर एफआईआर 9 सिलेंडर जब्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 06, 2026
- 207 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
रामपुर में शिकायत के बाद आपूर्ति पदाधिकारी और पुलिस ने की छापेमारी
कैमूर:--- जिले के रामपुर प्रखंड में गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की छापेमारी में एक एजेंसी कर्मी के घर और दुकान से नौ गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। इस मामले में संबंधित कर्मी के खिलाफ करमचट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तेजस्विनी आनंद ने बताया कि यह कार्रवाई सबार गांव निवासी संतोष चौधरी की शिकायत पर की गई।
शिकायत में कहा गया था कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला और एजेंसी कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए करमचट थाना पुलिस के सहयोग से मड़ेचा गांव स्थित रमेंद्र प्रसाद के घर और दुकान पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान घर से छह और दुकान से तीन गैस सिलेंडर बरामद किए गए छापेमारी के दौरान जब सिलेंडरों के वैध कागजात मांगे गए, तो परिवार के सदस्य कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी नौ सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के बयान पर रमेंद्र प्रसाद के खिलाफ करमचट थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी जब्त सिलेंडर को सबार गांव स्थित मां मुंडेश्वरी इंडेन ग्रामीण वितरक को सौंप दिया गया है। वही इस संबंध में दूरभाष के माध्यम से करमचट थाना प्रभारी पंकज कुमार से जानकारी लेने की कोशिश की गई परंतु उनके द्वारा कॉल का जवाब नहीं दिया गया।


रिपोर्टर