कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर द्वारा जैव-संवर्धित गेहूं पर फील्ड डे का आयोजन

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर---- कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर द्वारा क्लस्टर फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन कार्यक्रम के अंतर्गत जैव-संवर्धित गेहूं की उन्नत किस्म राजेन्द्र गेहूं–3 पर ग्राम मीनापुर बलहान में फील्ड डे का आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम में 30 से अधिक किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. संचिता घोष, वैज्ञानिक (उद्यान) सह नोडल पदाधिकारी ने किसानों को जैव-संवर्धित गेहूं की विशेषताओं एवं महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजेन्द्र गेहूं–3 एक ऐसी उन्नत किस्म है जिसमें पोषक तत्वों, विशेषकर जिंक एवं आयरन की मात्रा अधिक होती है, जो कुपोषण से लड़ने में सहायक है। उन्होंने किसानों को इसके संपूर्ण पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुआई, उन्नत बीज दर एवं रोग-कीट नियंत्रण के बारे में भी जानकारी प्रदान की।डॉ. घोष ने अपने संबोधन में कहा कि जैव-संवर्धित फसलों का प्रसार न केवल किसानों की आय में वृद्धि करेगा, बल्कि ग्रामीण परिवारों के पोषण स्तर में भी सुधार लाएगा। उन्होंने किसानों को अधिक क्षेत्र में इस किस्म को अपनाने हेतु प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 10 हेक्टेयर क्षेत्र में जैव-संवर्धित गेहूं की खेती प्रदर्शित की जा रही है। किसानों ने फसल की वृद्धि एवं बालियों की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा वैज्ञानिकों से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त किया।

अंत में किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की। कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से अवगत कराया जा रहा है, जिससे कृषि उत्पादन एवं पोषण सुरक्षा दोनों को सुदृढ़ किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट