भिवंडी में महावीर जयंती धूमधाम से मनाई गई, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

भिवंडी। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मंगलवार को भिवंडी शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘समस्त भिवंडी जैन महासंघ’ की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान अहिंसा, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और शाकाहार का संदेश देने वाली आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। यह शोभायात्रा छत्रपती शिवाजी महाराज चौक से शुरू होकर मंडई, गौरीपाड़ा, कनेरी और धामणकर नाका होते हुए अंजुर फाटा पर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस का व्यापक बंदोबस्त किया गया था। महावीर जयंती के अवसर पर मनपा प्रशासन ने शहर में मांस और मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया था। प्रशासन के आदेश के अनुसार सभी मटन, मछली और बीफ की दुकानें बंद रहीं। नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और शांति का माहौल देखने को मिला, जिससे शहर में धार्मिक सद्भाव का संदेश प्रसारित हुआ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट