भिवंडी-निजामपूर मनपा के टैक्स की रिकॉर्ड वसूली, 103.31 करोड़ रुपये कर संग्रह

भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कर वसूली का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 103.31 करोड़ रुपये का संग्रह किया है। यह पिछले तीन वर्षों की तुलना में अब तक की सर्वाधिक वसूली मानी जा रही है। मनपा आयुक्त अनमोल सागर (आईएएस) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त आयुक्त नयना ससाणे, उपायुक्त (कर) बालकृष्ण क्षीरसागर, सहायक आयुक्त नितीन पाटील और विभाग प्रमुख सुधीर गुरव के नेतृत्व में कर विभाग की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022-23 में 91.37 करोड़, 2023-24 में 79.15 करोड़ और 2024-25 में 87.54 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 103.31 करोड़ रुपये की वसूली कर पिछले वर्ष की तुलना में 15.80 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

कर वसूली बढ़ाने के लिए मनपा ने सख्त कदम उठाए। इस दौरान 1300 संपत्तियों पर जप्ती नोटिस जारी किए गए, जबकि बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5142 पानी के कनेक्शन काटे गए। इन सख्त उपायों का असर वसूली पर साफ दिखाई दिया। इसके अलावा, मनपा द्वारा जीआईएस सर्वे का काम भी शुरू किया गया है, जिसके तहत अब तक 12,935 संपत्तियों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। प्रशासन का मानना है कि इस सर्वे से भविष्य में कर वसूली में और वृद्धि होगी। इस उपलब्धि पर आयुक्त और महापौर ने कर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। महापौर नारायण रतन चौधरी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर कर भरकर शहर के विकास में अपना योगदान दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट