रामनवमी पर रामपुर नगर में निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम

बरसठी । जौनपुर जिले के नगर पंचायत रामपुर में रामनवमी के पावन पर्व पर भव्य शोभायात्रा बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत रामपुर कृषि फार्म से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रामपुर पेट्रोल पंप, बरसठी रोड और पुरानी बाजार तक पूरे नगर में भ्रमण करती रही।

यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा भाव से शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की मनमोहक झांकियों पर पुष्प वर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की। शोभायात्रा में शामिल विशालकाय प्रतिमाओं का विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद बीपी सरोज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, अपना दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता बदल तिवारी, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जिसमें युवाओं, महिलाओं और बच्चों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। रामनवमी के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट