त्योहारों के मद्देनजर शांति समिति की बैठक संपन्न


संवाददाता पारस नाथ दुबे


डेहरी ऑन सोन रोहतास।आगामी ईद एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डेहरी अनुमंडल मुख्यालय में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोहतास जिला पदाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में सासाराम एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, डेहरी-ऑन-सोन के एसडीएम निलेश कुमार, एसडीपीओ-1 की अनुपस्थिति में प्रभार में मौजूद साइबर डीएसपी रोहतास गौरव कुमार यादव सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों ने दोनों प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर व्यापक समीक्षा की। जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की पहचान, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। इसके साथ ही पर्व के दौरान डीजे एवं लाउडस्पीकर के प्रयोग पर निर्धारित मानकों का पालन करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर ही धार्मिक कार्यक्रमों को संपन्न कराने की बात कही गई।पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विशेषकर सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम को भी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए सक्रिय रहने को कहा गया।जिला पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी भाईचारे एवं गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया गया।

अंत में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक का समापन सभी के सहयोग एवं समन्वय से ईद एवं रामनवमी पर्व को सफल, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के संकल्प के साथ किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट