मोहनिया में 'ईद' पर सौहार्द का पहरा, अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की 'तीसरी आंख'

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:- मोहनिया में ईद का उल्लास भाईचारे और कड़ी सुरक्षा के साये में मनेगा। त्योहार को लेकर बुधवार को मोहनिया थाना परिसर में आयोजित 'शांति समिति' की बैठक में प्रशासन ने साफ कर दिया कि अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में न केवल सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार हुआ, बल्कि समाज के प्रबुद्ध जनों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया। बैठक की कमान संभालते हुए एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी और एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने जनता को आश्वस्त किया कि पुलिस की एक विशेष टीम सोशल मीडिया और भ्रामक खबरों पर 24 घंटे नजर रख रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सौहार्द बिगाड़ने व नफरत फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक रणनीति के तहत मोहनिया, कुदरा और रामगढ़ के संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर लिया गया है। मस्जिदों और प्रमुख चौराहों पर न केवल पुलिस बल, बल्कि मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती होगी। बैठक में मौजूद BDO, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी और कनीय विद्युत अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि नमाज के दौरान बिजली और सफाई व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। थाना प्रभारी और सर्किल इंस्पेक्टर ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट