शांति व्यवस्था भंग की आशंका में 13 लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 13, 2026
- 113 views
बरसठी, जौनपुर। जनपद में अपराध एवं वांछित/वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 13 लोगों को हिरासत में लेकर चालान किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व मड़ियाहूं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह मय हमराह पल्टूपुर गांव में पहुंचे, जहां मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रथम पक्ष के सुरेन्द्र शर्मा उर्फ पप्पू व चन्द्रशेखर तिवारी तथा द्वितीय पक्ष के मनोज उर्फ करिया और किशन चौहान को अमादा फौजदारी की स्थिति को देखते हुए धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया।
इसी क्रम में ग्राम मनीपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजीत कुमार गौतम, सत्यम गौतम तथा लालबहादुर गौतम को हिरासत में लिया। वहीं, महुआरी व मछलीशहर क्षेत्र के पकड़ी गांव से जुड़े पारिवारिक विवाद के मामले में थाना परिसर में दोनों पक्षों को समझाकर भेजा गया, लेकिन थाना गेट पर पुनः विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिस पर पुलिस ने पवन कुमार गौतम, उर्मिला देवी, ममता देवी व शीला देवी को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिरासत में लिया।
इसके अलावा थाना गेट पर आने-जाने वाले लोगों से कहासुनी कर रहे नन्हे हासमी और मदई हासमी को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार सभी 13 आरोपितों का शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में चालान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा एवं हेड कांस्टेबल कैलाश सरोज शामिल रहे।


रिपोर्टर