टेलर ड्राइवर ने रास्ते में बेची लोहे की सरिया
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 12, 2026
- 85 views
सरिया माफिया फिर सक्रिय होने की आशंका
भिवंडी। भिवंडी में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा भरोसेघात और माल हेराफेरी का एक गंभीर मामला सामने आने के बाद परिवहन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ट्रक के जरिए भेजी जा रही लोहे की सरिया को तय गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही उतारकर बेच देने का आरोप लगा है। नारपोली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इसे आपराधिक साजिश तथा विश्वासघात के एंगल से देखा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परिवहन व्यवसाय से जुड़े शिकायतकर्ता धरमराज शिवशंकर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके ट्रक में लोड की गई लोहे की सरिया को चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में ही गायब कर दिया। शिकायत के मुताबिक, 11 फरवरी की सुबह करीब 5:30 बजे दापोडे रोड स्थित सरवाना होटल के पास ट्रक से माल उतारकर निजी लाभ के लिए बेच दिया गया। एफआईआर में बताया गया है कि ट्रक में मौजूद लोहे की सरिया के कई बंडल, जिनका वजन सैकड़ों किलो था, मौके पर गायब पाए गए। प्राथमिक जांच में करीब 30 हजार रुपये मूल्य के माल की हेराफेरी सामने आई है। पुलिस को यह भी आशंका है कि अन्य ट्रकों से जुड़े माल में भी इसी तरह की गड़बड़ी हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने भरोसे में लेकर माल अपने कब्जे में लिया और बाद में उसे बेचकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इस मामले में नारपोली पुलिस ने मोतीलाल मोहनलाल वर्मा सहित अरविंद कुमार धोले, विजय रामसुंदर बहादुर लोधी, मुकेश दिनेश प्रताप सरोज, अशरफ काजी, तौसिफ खान, रमाकांत तिवारी और असलम शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जिसकी आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार कर रहे है। पुलिस सुत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है और माल की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और हेराफेरी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।


रिपोर्टर