प्रतिमा नर्सिंग कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया पोषण पर्व, छात्राओं ने प्रस्तुत किए स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 10, 2026
- 29 views
भदोही। प्रतिमा नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को न्यूट्रीशनल फेस्टिवल (पोषण पर्व) का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिमा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. पी.एस. दुबे ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के दौरान एएनएम व जीएनएम की छात्राओं ने अपनी पाक कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व संतुलित व्यंजन तैयार किए। छात्राओं ने बताया कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है और इन व्यंजनों का उद्देश्य लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर डॉ. पी.एस. दुबे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए शरीर को आवश्यक पोषक तत्व सही समय, सही मात्रा और संतुलित रूप से लेना जरूरी है। उन्होंने संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या ज्योति द्विवेदी, उप-प्राचार्या मनीषा मिश्रा, प्रबंधक दिनेश पाल, विनय मौर्या, हॉस्पिटल से प्रवीण दुबे, संजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा और कार्यक्रम को सराहना मिली।


रिपोर्टर