भारतीय रेलवे होली पर चलाएगा रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

संवाददाता पवन कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी-- आगामी होली त्योहार के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। रेलवे द्वारा इस दौरान 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो बढ़कर 1,500 तक पहुंच सकती हैं। इन ट्रेनों का संचालन मार्च माह में किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा का लाभ मिल सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य त्योहार के समय बढ़ती यात्री संख्या को नियंत्रित करना और प्रमुख शहरों व गंतव्यों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में होली के दौरान कुल 1,144 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था।

जोनवार विवरण के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) सर्वाधिक 285 विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके बाद पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) 231, मध्य रेलवे (सीआर) 209 तथा दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) 160 ट्रेनों का परिचालन करेगा। उत्तर रेलवे (एनआर) द्वारा 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) द्वारा 71 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) 66, पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) और पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) 62-62 ट्रेनों का संचालन करेंगे। वहीं दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) 47, पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) 43, दक्षिण रेलवे (एसआर) 39 और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) 15 विशेष ट्रेनें चलाएगा।

इसके अलावा क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कोंकण रेलवे (केआर) द्वारा 9 तथा पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) द्वारा 2 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

भारतीय रेलवे ने स्पष्ट किया है कि वह प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु परिचालन के लिए निरंतर प्रयासरत है। होली के मौके पर चलाई जाने वाली इन विशेष ट्रेनों से लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट