आर एस के पब्लिक स्कूल बस्तीपुर में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 27, 2026
- 43 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे,
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। आर एस के पब्लिक स्कूल बस्तीपुर में आज 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
समारोह की मुख्य अतिथि कमला देवी, चेयरमैन, रामजग सिंह मेमोरियल ट्रस्ट रहीं। विद्यालय के निदेशक सह सेक्रेटरी आनंद सिंह ने झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
अपने संबोधन में निदेशक आनंद सिंह ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमारे राष्ट्रीय पर्व संवैधानिक व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विद्यालय की महत्वपूर्ण व्यवस्था डे केयर है, जिससे सैकड़ों विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आर एस के ट्यूटोरियल की शुरुआत की जाएगी, जिसमें 12वीं तक के छात्र नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
निदेशक ने यह भी बताया कि आर एस के पब्लिक स्कूल ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है और यह जिले का पहला विद्यालय है जहाँ शिक्षकों द्वारा नियमित ऑनलाइन अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, संगीत एवं ऑपरेशन सिंदूर घटना का भावनात्मक मंचन प्रस्तुत किया, जिसे देखकर कई अभिभावकों की आँखें नम हो गईं। देश की सशक्त छवि को दर्शाती कविताओं की प्रस्तुति की भी खूब सराहना हुई। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को बधाई दी।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स की परेड का निरीक्षण मुख्य अतिथि कमला देवी एवं निदेशक आनंद सिंह द्वारा किया गया। पीटी का उत्कृष्ट प्रदर्शन हुआ, वहीं बालिकाओं ने आत्मरक्षा के तहत जूडो-कराटे की विभिन्न विधाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।


रिपोर्टर