47वीं वाहिनी सीआरपीएफ मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

जिला ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट 

गया(बिहार)-- जेल परिसर स्थित 47वीं वाहिनी सीआरपीएफ मुख्यालय में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ कमांडेंट अवधेश कुमार ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली एवं ध्वजारोहण किया। साथ ही देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की शौर्यगाथा को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट अवधेश कुमार ने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उन वीर जवानों के नाम भी पढ़े, जिन्हें इस गणतंत्र दिवस पर वीरता एवं प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया गया है।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ, जिससे देश एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। संविधान प्रत्येक नागरिक को गरिमापूर्ण जीवन और समाज में स्वतंत्रता के साथ रहने का अधिकार देता है। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सीआरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बल राज्यों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान करता है।कमांडेंट ने बताया कि सीआरपीएफ के जवान देश के दुर्गम एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहकर आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। गया जिला सहित भाकपा माओवादी संगठन के प्रभाव वाले क्षेत्रों में सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय दिया है। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान देश की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने से कभी पीछे नहीं हटते।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट