क्रिकेट से शरीर, दिमाग और व्यक्तित्व को मिलते हैं कई फायदे : गोपी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 23, 2026
- 92 views
सेमीफाइनल की दूसरी टीम बनी वार्ड 11
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। डालमिया नगर खेल मैदान में हिमांशु फाउंडेशन एवं बाबा वीर कुंवर टूर्नामेंट कमिटी के नेतृत्व में आयोजित 14वीं नगर चैंपियनशिप के अंतर्गत दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला वार्ड 11 बनाम वार्ड 33 के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में वार्ड 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड 33 को 78 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच से पूर्व मुख्य अतिथि उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुमार उर्फ गोपी, महंत महादेव खोह राधाशुत सिन्हा, दीपक दास, चंदन गुप्ता, भोला चौहान एवं परागनाथ सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया तथा आयोजन समिति को इस भव्य प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पंकज कुमार उर्फ गोपी ने कहा कि क्रिकेट मैच खेलने से शरीर, दिमाग और व्यक्तित्व—तीनों को कई फायदे मिलते हैं। इससे शरीर फिट और मजबूत रहता है, दौड़ने से स्टैमिना व फुर्ती बढ़ती है, मांसपेशियाँ मजबूत होती हैं और मोटापा कम करने में भी मदद मिलती है।
आज के अंपायर सोनू पांडेय एवं रितेश ने दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराया, जिसे वार्ड 33 ने जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वार्ड 11 की टीम की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन खिलाड़ी विक्की की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पलट दिया। विक्की ने 41 गेंदों पर 111 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए टीम को 173 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड 33 की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और पूरी टीम 94 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह वार्ड 11 ने मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अदरी देवी मेमोरियल अस्पताल की ओर से शतकीय पारी खेलने वाले विक्की को दिया गया, जिन्होंने 111 रन बनाने के साथ-साथ 2 विकेट भी चटकाए।
टूर्नामेंट कमिटी के उपाध्यक्ष धनजी यादव ने बताया कि रविवार को तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला वार्ड 14 बनाम वार्ड 18 के बीच खेला जाएगा।
इस दौरान कमिटी अध्यक्ष डॉ. ओ. पी. आनंद, निर्देशक रविवार शेखर, महासचिव प्रो. रणधीर सिन्हा, उपाध्यक्ष मनीष राज, संयोजक छोटू यादव, राकेश, स्कोरर बंटी, चंदन, मुन्ना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


रिपोर्टर