दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, ससुराल से मायके आई बेटी के जेवर व कपड़े ले उड़े चोर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 17, 2026
- 69 views
रामपुर प्रखंड संवाददाता रमाकांत मिश्र की रिपोर्ट
रामपुर (कैमूर):- प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र अंतर्गत धवपोखर गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों के आभूषण, कीमती कपड़े और नकदी की चोरी कर ली। यह घटना गांव के निवासी जवाहिर पांडेय के घर में हुई। शनिवार की अहले सुबह करीब 5 बजे जब परिजन जागे, तब उन्हें चोरी की भनक लगी। पीड़ित जवाहिर पांडेय ने बताया कि रात में परिवार के साथ खाना खाकर वे छत पर सोने चले गए थे, जबकि महिलाएं नीचे के कमरे में सोई थीं। सुबह उठने पर घर का दरवाजा खुला देख उन्हें शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर के पीछे से ईंट-सीमेंट की अलमारी (रैक) को तोड़कर प्रवेश किया था। इससे पहले चोरों ने 10 इंच की पक्की दीवार में सेंध मारने का भी प्रयास किया था, लेकिन सफल न होने पर उन्होंने रैक वाली पतली दीवार को निशाना बनाया।
जवाहिर पांडेय के अनुसार, चोरी गया सारा सामान उनकी बेटी निधि पांडेय का था, जिसकी शादी एक साल पहले हुई थी और वह एक माह पहले ही ससुराल से अपना सारा सामान लेकर मायके आई हुई थी। चोरों ने तीन ट्रॉली बैग में रखे 35 कीमती साड़ियां, 10 सूट, पर्स में रखे 6 हजार रुपये नकद सहित सोने का मंगलसूत्र, झुमका और लॉकेट वाली सिकड़ी चुरा ली। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घर के पीछे से एक अज्ञात चोर का शॉल भी बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। दोपहर में डॉग स्क्वायड की टीम ने बरामद शॉल की मदद से सुराग ढूंढने का प्रयास किया, जिससे खोजी कुत्ता घर से पूरब दिशा में 500 मीटर दूर तक गया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


रिपोर्टर