ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, सरसरा–गोठाव के बीच पटरी पर मिला शव

 बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के सरसरा व गोठाव गांव के पास प्रयागराज–जौनपुर रेल खंड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14202) की चपेट में आने से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरसरा–गोठाव गांव के समीप खंभा संख्या 171/112 के पास रेलवे पटरी पर शव मिलने की सूचना ट्रेन चालक की सतर्कता से सामने आई। चालक द्वारा मेमो दिए जाने के बाद जीआरपी जंघई तथा बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

इस संबंध में बरसठी थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है तथा पहचान कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट