कैमूर में धूमधाम से मना मकर संक्रांति महोत्सव, पतंगबाजी और दही-चूड़ा भोज के जरिए प्रशासन ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिले में लोक पर्व मकर संक्रांति का उत्सव इस वर्ष ऐतिहासिक और यादगार रहा। कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'मकर संक्रांति महोत्सव-2026' के दौरान पूरे जिले में उत्सव का माहौल दिखा। पतंगबाजी की उमंग से लेकर दही-चूड़ा के पारंपरिक भोज तक, प्रशासनिक पहल के जरिए समाज के हर वर्ग को इस उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना और पर्व की खुशियाँ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण स्थानीय हवाई अड्डा मैदान में आयोजित 'पतंग उत्सव' रहा। सुबह 11:00 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित भारी संख्या में स्काउट गाइड के बच्चों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने खुद पतंग उड़ाकर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से मकर संक्रांति के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। जिला अतिथि गृह में आयोजित पारंपरिक दही-चूड़ा और तिलकुट भोज में शहर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समाचार समूहों के पत्रकारों और आम लोगों ने एक साथ बैठकर जलपान किया। समन्वय और भाईचारे की यह तस्वीर जिले के सभी प्रखंडों में भी देखने को मिली, जहाँ प्रखंड विकास पदाधिकारियों के नेतृत्व में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक चेतना जगाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए मकर संक्रांति के सामाजिक और पौराणिक महत्व को बड़े ही रोचक ढंग से जन-जन तक पहुँचाया।

महोत्सव केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिला प्रशासन ने सेवा की भावना दिखाते हुए विभिन्न महादलित टोलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर जरूरतमंदों के बीच दही, चूड़ा और तिलकुट का वितरण किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद अस्पतालों में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और गरीब तबके की महिलाओं व बच्चों से संवाद किया और उन्हें पर्व की शुभकामनाएँ दीं

जिला पदाधिकारी ने समस्त कैमूर वासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमारे जीवन में नई ऊर्जा और मिठास लेकर आए। इस पूरे आयोजन ने न केवल परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि समाज में एकजुटता का एक मजबूत संदेश भी दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट