मछली विवाद में पिटाई से घायल व्यक्ति की वाराणसी में मौत, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- भभुआ थाना क्षेत्र के जमुऑव गाँव में मछली मांगने को लेकर उपजा विवाद एक व्यक्ति की जान पर बन आया। पिछले दिनों हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल राम मोहाल शर्मा की इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 9 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब गाँव के ही एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष से जबरदस्ती मछली की माँग की जा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद ने अगले दिन 10 अक्टूबर को हिंसक रूप ले लिया, जब प्रथम पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। इस हमले में राम मोहाल शर्मा, विनोद शर्मा, मनीष शर्मा एवं जयराम शर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

परिजनों द्वारा घायलों को तत्काल भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ राम मोहाल शर्मा के सिर पर गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वाराणसी में पांच दिनों तक चले उपचार के बाद 15 अक्टूबर को राम मोहाल शर्मा ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गाँव में कोहराम मच गया।

इधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान तेज कर दिया है। जाँच के क्रम में पुलिस ने पांच नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध जानलेवा हमला और हत्या के पुख्ता साक्ष्य पाए हैं। पुलिस ने दबिश देते हुए नामजद अभियुक्तों में से एक, बबन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए भभुआं एसडीपीओ ने बताया कि घटना में संलिप्त शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है और जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट