प्रभाग 1 में चुनावी सभा के दौरान भाजपा और कोणार्क विकास आघाड़ी समर्थक भिड़े, 20 पर केस
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 08, 2026
- 90 views
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका चुनाव के तहत प्रभाग क्रमांक 1 में आयोजित चुनावी सभा के दौरान भाजपा और कोणार्क विकास आघाड़ी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना शिवाजी चौक के पास उस समय हुई, जब कोणार्क विकास आघाड़ी की चुनावी सभा और प्रचार कार्य चल रहा था। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।पुलिस के अनुसार, गणपति मंदिर कोंबडपाडा परिसर में कोणार्क विकास आघाड़ी पैनल के प्रत्याशी विलास पाटिल, प्रतिभा पाटिल, नेहा काठवले और मयुरेश पाटिल की चुनावी सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान भाजपा समर्थकों सहित करीब 10 से 12 लोगों ने नारेबाजी और प्रचार को लेकर विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों गुटों के समर्थक आपस में भिड़ गए। आरोप है कि झड़प के दौरान लाठी-डंडों और हाथों से मारपीट की गई। इस दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा और सभा स्थल पर अफरातफरी मच गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही निजामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर भाजपा और कोणार्क विकास आघाड़ी के समर्थकों सहित कुल 20 लोगों के खिलाफ दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा, मारपीट और सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद शिवाजी चौक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो।


रिपोर्टर