नारपोली में धारदार हथियार के साथ तड़ीपार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया हथियार जब्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 24, 2025
- 144 views
निषेधाज्ञा के उल्लंघन का मामला, गंभीर धाराओं में केस दर्ज
भिवंडी। नारपोली इलाके में पुलिस ने धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे एक तड़ीपार युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, चौथानी कंपाउंड, पानी टंकी के पास नारपोली क्षेत्र में आरोपी रमजानअली इसा अहमद अंसारी उर्फ गुड्डू जिलेबी (34) संदिग्ध अवस्था में देखा गया। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे रोका और तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 500 रुपये कीमत का लोहे का धारदार चाकू बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से निषेधाज्ञा (बंदी आदेश) लागू थी, इसके बावजूद वह सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूम रहा था, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन सकता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए खतरा थीं। इस मामले में नारपोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।


रिपोर्टर