सड़क सुरक्षा समिति की हुई समीक्षा बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 24, 2025
- 36 views
रोहतास।।सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति, रोहतास” की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में काराकाट के सांसद राजाराम सिंह तथा सासाराम के सांसद मनोज कुमार के साथ विधानसभा क्षेत्रों के विधायक भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की विस्तृत समीक्षा के साथ दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान कर उनके निराकरण हेतु ठोस रणनीति पर भी चर्चा हुई। विभिन्न प्रकार के वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं स्थलों की समीक्षा,वाहन दुर्घटना मुआवजा से संबंधित प्रावधानों तथा हिट एंड रन मामलों की थानावार समीक्षा की गयी। संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्य-योजनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन को सख्त करने,जागरूकता अभियानों को प्रभावी बनाने, सड़क इंजीनियरिंग सुधारों को प्राथमिकता देने तथा अंतरविभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया। गुड सेमेरिटन के प्रावधानों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गये। सांसद राजाराम सिंह एवं उपस्थित विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित सड़क सुरक्षा के मुद्दों,दुर्घटना संभावित स्थलों तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किये। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाय तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य- योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाय। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि “संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति, रोहतास” के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों की नियमित समीक्षा की जायेगी,ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सके और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो। बैठक में जिला पदाधिकारी के अलावे अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त,नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।


रिपोर्टर