हर्ष फायरिंग में बक्सर की युवक की मौत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 01, 2025
- 200 views
रोहतास। जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के थनुवां गांव में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से युवक की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार – पिस्टल समेत कई सामान बरामद हुई है। इस संबंध में आरक्षी अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि
शिवसागर थाना क्षेत्र के थनुवां गांव में आयोजित एक शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 30 नवंबर की मध्य रात्रि को हुई थी, जब अवैध हथियार से की गई फायरिंग के दौरान नंदन कुमार सिंह (निवासी–चिल्हर, थाना–इटाढ़ी, बक्सर) को गोली लग गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सासाराम के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें शिवसागर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई को शामिल किया गया। टीम ने छापेमारी कर इस घटना में शामिल रोहित कुमार को इन्द्रपुरी थाना क्षेत्र के कटार गांव से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रोहित कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग में उसके अलावा अविनाश कुमार सिंह उर्फ बारूद, बम कुमार, अभिरंजन कुमार, कुन्दन सिंह और प्रभात कुमार उर्फ पन्नु भी शामिल थे। उसी दौरान चली गोली नंदन कुमार सिंह को लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। रोहित के खुलासे के आधार पर पुलिस ने कुन्दन सिंह और प्रभात कुमार उर्फ पन्नु को भी गिरफ्तार कर लिया।
प्रभात उर्फ पन्नु की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में उपयोग किए गए 7.65 बोर के देसी पिस्टल को उसके घर के पास स्थित भुसा कोठरी से बरामद किया। टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


रिपोर्टर