स्व.राजीव गांधी चौक बना कबाड़ का अड्डा

स्वच्छ भारत मिशन जमीन पर धूल में दबा


◾पालिका दो करोड़ रुपये सौंदर्यीकरण पर खर्च कर रही, वहीं नीचे वर्षों से जमे सैकड़ों वाहन प्रशासन की अनदेखी उजागर कर रहे


भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका स्वच्छ भारत मिशन-2 के तहत स्वं. राजीव गांधी जर्जर उड़ानपुल को आकर्षक बनाने में लगभग दो करोड़ रुपये खर्च कर रही है,निजी कंपनी द्वारा पुल की पेंटिंग, सौंदर्यीकरण, प्रेरक स्लोगन और एलईडी लाइटों का काम तेजी से चल रहा है ताकि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रूप दिया जा सके। लेकिन इसी जर्जर उड़ान पुल के नीचे स्वं.राजीव गांधी चौक की स्थिति सौंदर्यीकरण के प्रयासों को धूमिल करती दिखती है। वर्षों से यहां जमा सैकड़ों दोपहिया वाहन मोटी धूल में ढके पड़े हैं, मानो उन्हें लंबे समय से छुआ तक न गया हो। स्थानीय नागरिकों के अनुसार न सफाई होती है, न ही यातायात विभाग इन पर कार्रवाई करता है। परिणामस्वरूप यह चौक कबाड़ वाहनों के ढेर में बदल चुका है।

स्थिति का विरोधाभास यह है कि जिस पुल पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वही पुल जर्जर होने के कारण भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है। इसके नीचे जमे कबाड़ को हटाने की दिशा में न पालिका प्रशासन सक्रिय है और न ही यातायात पुलिस। नागरिकों का मानना है कि यह लापरवाही स्वच्छ भारत मिशन की मंशा के विपरीत है और शहर की छवि पर नकारात्मक असर डालती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे, कबाड़ वाहनों को हटाए और चौक की नियमित सफाई सुनिश्चित करे, ताकि ऊपरी और निचला दोनों हिस्से वास्तव में स्वच्छ भारत मिशन की भावना को दर्शा सकें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट