शिक्षक पति पर कार चोरी का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 21, 2025
- 96 views
पति फरार, पुलिस कर रही तलाश
भिवंडी। शहर के टेमघर क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने ही पति पर कार चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी पति घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय शिकायतकर्ता सौ. ऊषा सोपान कदम, निवासी सिद्धिविनायक रेजिडेंसी, टेमघर, भिवंडी ने बताया कि उनकी टाटा कंपनी की मूल्यवान कार TIGOR CNG TWN XT 1.2 (वाहन नंबर MH-04 MU 3116) को उनके पति सोपान आनंदराव कदम जो पेशे से शिक्षक हैं, ने उनकी अनुमति बिना चुरा लिया। शिकायत में कहा गया है कि घटनाक्रम 19 नवंबर की रात 9 बजे के आसपास शुरू हुआ और 20 नवंबर की सुबह 8 बजे के बीच पति ने कार को पार्किंग से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। पीड़िता के अनुसार वाहन लॉक किया गया था, लेकिन आरोपी ने गाड़ी का ताला खोलकर उसे गायब कर दिया। पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के बाद शांतिनगर पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसके संभावित ठिकानों पर खोजबीन जारी है। कार की कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन के लोकेशन ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी है.स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि यह मामला पति–पत्नी के विवाद से आगे बढ़कर सीधी चोरी की श्रेणी में दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


रिपोर्टर