सांसद रोडमल नागर ने दिए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

गाय धन बने, यही हमारा लक्ष्य” — सांसद रोडमल नागर दिशा समिति की बैठक सम्पन्न


 राजगढ़ । सांसद रोडमल नागर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं, जल संसाधन, कृषि, पशुपालन, आवास और बुनियादी ढांचा संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छूटे हुए हितग्राहियों के नाम जोड़ने और आवास प्लस सूची में सम्मिलित करने की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय जल जीवन मिशन और हर घर जल अभियान की प्रगति पर चर्चा करते हुए सांसद नागर ने कहा कि अंडरग्राउंड वॉटर का उपयोग सीमित किया जाए और सर्फेस वॉटर प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, ताकि एक भी गांव भूजल पर निर्भर न रहे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हर घर तक जल पहुंचाना है और प्रत्येक अधिकारी को अपना लक्ष्य समय पर पूर्ण करना चाहिए।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि पार्वती परियोजना के ठेकेदार धीमी गति से कार्य कर रहे हैं, इसलिए कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने मोहनपुरा, कुंडलियां, राजगढ़, खरावस, खिलचीपुर, देहरी बामन और कालीपीठ क्षेत्रों की जल परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव ने कहा कि जलापूर्ति लाइन जल्द शुरू की जाए, वहीं सांसद नागर ने सुझाव दिया कि पानी शुल्क वसूली की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

विधायक राजगढ़ यादव ने निर्देश दिए कि जो किसान जैविक खेती कर रहे हैं, उनके नाम और संपर्क विवरण एकत्र किए जाएं ताकि उन्हें प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ा जा सके। सांसद नागर ने कहा कि “मां के नाम बगिया” योजना अंतर्गत लगाए जाने वाले पौधे उच्च गुणवत्ता के हों। उन्होंने सोयाबीन नुकसान की राहत राशि वितरण में जिला प्रशासन की सराहना की और शेष राशि शीघ्र वितरित करने के निर्देश दिए। कृषि अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष स्ट्रॉबेरी की फसल बहुत अच्छी हुई है और किसान पैदावार से संतुष्ट हैं।

बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की “दुग्ध समृद्ध संपर्क अभियान 2025” की समीक्षा भी की गई। सांसद नागर ने कहा कि राजगढ़ के डीएनए में पशुपालन शामिल है, अब आवश्यकता है कि इसे आय का सशक्त माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गायों के पुनरुत्पादन पर फोकस किया जाए और आर्टिफिशियल इनसीमिनेशन के माध्यम से एक आदर्श गौशाला विकसित की जाए जहाँ ठोस परिणाम दिखाई दें। उन्होंने कहा कि “हमें यह सुनिश्चित करना है कि गाय धन बने, यही हमारा लक्ष्य है।”

इस अवसर पर बैठक में विधायक खिलचीपुर हजारी लाल दांगी, विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, नगर पालिका अध्‍यक्ष विनोद साहू, जनपद अध्‍यक्ष प्रतिनिधि फुलसिंह तंवर, मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इच्छित गढ़पाले सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट