पोस्टल बैलेट से मतदान हुआ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2025
- 63 views
रोहतास। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर रोहतास जिले के अंतर्गत सभी सातो विधानसभा क्षेत्रों का डीएवी स्कूल, अदमापुर में पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह मतदान प्रक्रिया उन सरकारी कर्मियों, पुलिस बलों तथा चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त कर्मियों के लिए आयोजित की जा रही है, जो मतदान दिवस पर अपने-अपने बूथों पर तैनात रहेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह के निर्देश पर तथा सभी रिटर्निंग अधिकारियों और प्रेक्षकों की देखरेख में यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है। बीते 29 अक्टूबर से 01 नवंबर तक चेनारी विधानसभा के लिए 583, सासाराम विधानसभा के लिए 777, करगहर विधानसभा के लिए 694, दिनारा विधानसभा के लिए 449, नोखा विधानसभा के लिए 619, डिहरी विधानसभा के लिए 664 एवं काराकाट विधानसभा के लिए 625 कर्मी मतदाताओं ने बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान किया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित-कतार, सुरक्षा-व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गयी है। रिटर्निंग अधिकारी और प्रेक्षकगण नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कर्मियों की उपस्थिति उत्साहवर्धक रही है और मतदान कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएँ । उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


रिपोर्टर