समान्य प्रेक्षक ने की जांच
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 30, 2025
- 37 views
रोहतास।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन- 2025 को लेकर गुरुवार को चेनारी विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री एम.एम. नायक, (आई.ए.एस.) ने डीएवी पब्लिक स्कूल, अदमापुर, सासाराम स्थित मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण केन्द्र एवं डाक मतपत्र मतदान केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक महोदय ने मतदान कर्मियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्य में लगे मास्टर ट्रेनर एवं अधिकारियों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता, समय-निर्धारण, प्रशिक्षण मॉड्यूल, एवं उपस्थित मतदान कर्मियों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि प्रशिक्षण स्थल पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) के प्रदर्शन एवं प्रयोग की व्यवस्था ठीक प्रकार से की गई है या नहीं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदान कर्मी को मतदान की सम्पूर्ण प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी अनिवार्य रूप से दी जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मियों को EVM-VVPAT संचालन, मतदान की प्रक्रिया, मॉक पोल, सी-विजिल ऐप के प्रयोग, मतदान की गोपनीयता, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा, और मतदान दिवस पर आचार संहिता के अनुपालन से संबंधित सभी विषयों की जानकारी दी जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर की गई व्यवस्थाओं जैसे – बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, प्राथमिक उपचार, प्रशिक्षण सामग्री, प्रोजेक्टर से प्रस्तुति, साउंड सिस्टम आदि का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएँ मानक के अनुरूप रखी जाएँ ताकि मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत प्रेक्षक ने बैलेट पेपर मतदान केन्द्र (Postal Ballot Voting Centre) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डाक मतपत्र से संबंधित प्रक्रिया, अभ्यर्थियों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति, गोपनीयता, और मतपत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी डाक मतपत्र निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से निष्पादित किए जाएँ।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनरगण एवं निर्वाचन शाखा के कर्मी उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रेक्षक महोदय ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं तटस्थता बनाए रखी जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि सभी मतदाताओं को मतदान के दिन सुरक्षित, सुगम और भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का अवसर मिले। इसके लिए प्रशासन, पुलिस एवं स्वीप (SVEEP) टीमों के बीच समन्वय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।


रिपोर्टर