कशिवली ग्रामवासियों को मिली राहत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 29, 2025
- 252 views
मुंबई महापालिका से मिलेगा पेयजल।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के प्रयास सफल
भिवंडी। भिवंडी तालुका के धामणगांव–कशिवली ग्रामपंचायत क्षेत्र में स्थित कशिवली गाँव के नागरिकों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या अब दूर होने जा रही है। मुंबई महापालिका की ओर से कशिवली को पेयजल आपूर्ति की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के सतत प्रयास प्रमुख रहे।
कशिवली क्षेत्र में अब तक लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं था, जबकि गाँव के समीप से मुंबई महापालिका की मुख्य जलवाहिनी गुजरती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कपिल पाटील ने महापालिका आयुक्त के समक्ष निरंतर पाठपुरावा किया। 12 मई 2021 को इस विषय में औपचारिक पत्र सौंपा गया तथा तत्कालीन आयुक्त आई.एस. चहल से भी विस्तृत चर्चा की गई थी। इसके बाद प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ी। अब महापालिका ने धामणगांव–कशिवली ग्रामपंचायत को आधिकारिक पत्र भेजकर नई तानसा जलवाहिनी से 32 मि.मी. व्यास की जलजोड़नी द्वारा कशिवली में पेयजल आपूर्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।
ग्रामीणों की इस मूलभूत समस्या के समाधान होने पर संदेश भोईर, ज्ञानेश्वर पाटील, यशवंत पाटील, सुंदर पाटील, किरण भोईर, जगन पाटील तथा अनिल पाटील सहित ग्रामवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने कपिल पाटील से भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कशिवली ग्रामवासियों के लिए आगे भी निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।आभार व्यक्त करते समय जिल्हा परिषद के पूर्व सदस्य देवेश पाटील भी उपस्थित थे। कशिवली में पेयजल की उपलब्धता से नागरिकों में हर्ष का वातावरण है।


रिपोर्टर