भिवंडी में औद्योगिक प्रदूषण से जनजीवन अस्त-व्यस्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 29, 2025
- 284 views
रोशन बाग स्थित फिरदौस सायजिंग में जलाया जा रहा कचरा, रबर और टायर्स
भिवंडी। भिवंडी मनपा के प्रभाग समिति क्रमांक चार क्षेत्र स्थित भंडारी रोड, टॉवरे पुलिस चौकी के समीप फिरदोस सायजिंग नामक औद्योगिक इकाई द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के विरुद्ध स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र निवासी जावेद ख़ान ने महाराष्ट्र राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल तथा भिवंडी महानगरपालिका के पर्यावरण विभाग को निवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि उक्त सायजिंग इकाई में अवैध रूप से कचरा,रबर, प्लास्टिक आदि जलाया जा रहा है। जिसके कारण बॉयलर से निकलने वाला रासायनिक धुआँ और दुर्गंधित गैसें वातावरण को अत्यधिक प्रदूषित कर रही हैं। इसके कारण स्थानीय निवासियों को श्वसन संबंधी तकलीफ़ें, आंखों में जलन तथा सिरदर्द जैसी बीमारियाँ हो रही हैं। बताया गया है कि साईजिंग कारखाने से निकलने वाला रासायनिक अपशिष्ट बिना किसी शोधन प्रक्रिया के खुले नालों में प्रवाहित किया जा रहा है, जिससे जल और वायु दोनों दूषित हो रहे हैं। खान ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस प्रदूषण का दुष्प्रभाव विशेष रूप से बच्चों और वृद्धों पर देखा जा रहा है। क्षेत्र का वायु गुणवत्ता स्तर लगातार गिर रहा है और नागरिकों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस फैक्ट्री पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। साथ ही, उन्होंने आग्रह किया है कि इस क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन पुनः स्थापित करने हेतु त्वरित कदम उठाए जाएँ। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन का मार्ग अपनाने को बाध्य होंगे। फिलहाल नगर प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।


रिपोर्टर