दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मतदान की विशेष सुविधाएँ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 28, 2025
- 44 views
रोहतास।जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रत्येक मतदाता को सुविधाजनक, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में मतदान करने का अवसर प्राप्त हो।विशेष रूप से दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए मतदान प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने हेतु निम्नलिखित विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं:
ग्राउंड फ्लोर पर मतदान केंद्र
दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए अधिकांश मतदान केंद्रों को भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर स्थापित किया गया है, जिससे उन्हें सीढ़ियाँ चढ़ने या उतरने में असुविधा न हो और वे आसानी से मतदान केंद्र तक पहुँच सकें।
रैंप की व्यवस्था
सभी मतदान केंद्रों पर सुगम प्रवेश के लिए रैंप की व्यवस्था की गई है, ताकि व्हीलचेयर या बैसाखी का उपयोग करने वाले दिव्यांग मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान केंद्र में प्रवेश कर सकें।
मतदान केंद्र में प्राथमिकता प्रवेश
दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केंद्रों पर प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उन्हें मतदान के लिए लाइन में प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी और तुरंत मतदान करने की सुविधा दी जाएगी।
दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए सहयोगी की अनुमति
दृष्टिबाधित (Blind) मतदाताओं के लिए आयोग द्वारा यह व्यवस्था की गई है कि वे अपने विश्वासपात्र सहयोगी व्यक्ति को साथ लेकर मतदान केंद्र पर जा सकते हैं, जिससे उन्हें मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
व्हीलचेयर और परिवहन सुविधा
दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मतदाता को ECINET APP के Divyang (SAKSHAM) Module पर अपना पंजीकरण कराना होगा।पंजीकृत मतदाताओं को मतदान दिवस पर उनके निवास स्थान से मतदान केंद्र तक आने-जाने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
ब्रेल फीचर्स के साथ वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप
दृष्टिबाधित मतदाताओं की सुविधा के लिए ब्रेल फीचर वाली वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने मतदान केंद्र, सीरियल नंबर आदि की जानकारी स्वयं पढ़ सकें।
ब्रेल लिपि में डमी मतपत्र एवं ईवीएम पर ब्रेल सुविधा
दृष्टिबाधित मतदाता डमी मतपत्र (Dummy Ballot Paper) को ब्रेल लिपि में पढ़कर मतदान प्रक्रिया समझ सकते हैं। साथ ही, EVM (Electronic Voting Machine) पर भी ब्रेल सुविधा उपलब्ध है, जिससे वे स्वतंत्र रूप से और आत्मविश्वास के साथ मतदान कर सकें।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने बताया कि इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता — चाहे वह दिव्यांग हो या वृद्ध — मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बढ़-चढ़कर भाग लें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।


रिपोर्टर