कार्यालय में बिजली कर्मचारी से मारपीट, चार पर मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 27, 2025
- 329 views
भिवंडी। कोनगांव परिसर में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के एक कर्मचारी पर कार्यालय के भीतर ही हमला करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोनगांव अस्मिता एमआईडीसी स्थित महावितरण कंपनी के शहरी विभाग शाखा कार्यालय की है। यहां रात की पाली में ड्यूटी पर तैनात आशीष कुमार जावलकर (31) अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे। तभी मध्यरात्रि के आसपास अजय नाइक, प्रमोद लाड, टोनी सिंग और संदीप सोन कांबले कार्यालय में पहुंचे। बताया जाता है कि किसी विवाद को लेकर अजय नाइक ने अचानक आशीष पर हमला कर दिया।शिकायत में कहा गया है कि अजय के साथ आए अन्य लोगों ने भी मारपीट में शामिल होकर हाथ में पहनी धातु की कड़ियों सहित लात-घूंसों से आशीष को घायल कर दिया। हमले के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने किसी तरह घायल आशीष को छुड़ाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।सूचना मिलते ही कोनगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। महावितरण के कर्मचारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकारी कामकाज को प्रभावित करती हैं और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करती हैं। कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


रिपोर्टर