ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रथम रेंडमाइजेशन हुआ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 14, 2025
- 40 views
बिहार जागरण सुनील कुमार
रोहतास।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रथम रैंडमाइजेशन रोहतास में दिनांक 13.10.2025 को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में 207 - चेनारी विधानसभा क्षेत्र, 208 - सासाराम विधानसभा क्षेत्र 209 - करगहर विधानसभा क्षेत्र, 210 - दिनारा विधानसभा क्षेत्र, 211 - नोखा विधानसभा क्षेत्र, 212 - डिहरी विधानसभा क्षेत्र, 213 - काराकाट विधानसभा क्षेत्र के अनुसार की गई।
जिले में प्रथम रैंडमाइजेशन राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, राष्ट्रीय लोक जन शक्ति पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्यूनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्कसिस्ट), बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रथम रैंडमाइजेशन पूर्ण होने के उपरांत, विधानसभा क्षेत्रवार आवंटित ईवीएम एवं वीवीपैट की जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों द्वारा हस्ताक्षरित सूची सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय कार्यालय में उपलब्ध कराया गया। इस सूची के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पदाधिकारियों को आगामी निर्वाचन में उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। इसके उपरांत संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिए निर्धारित स्ट्रॉंग रूम में मान्यता प्राप्त दलों प्रतिनिधियों की उपस्थिति में भंडारित कर दिया जाएगा।
निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची को अंतिम रूप दिये जाने के उपरांत, प्रथम रैंडमाइजेशन में चयनित ईवीएम एवं वीवीपैट की सूची अभ्यर्थियों को भी उपलब्ध करायी जाएगी।


रिपोर्टर