निर्वाची पदाधिकारी को नामांकन पत्र भरने का प्रशिक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 11, 2025
- 101 views
रोहतास।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारी के क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी उदिता सिंह रोहतास की अध्यक्षता में जिले के सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं उनके नामांकन कोषांग को नाम निर्देशन प्रपत्र भरने के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के क्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि द्वितीय चरण के लिए अधिसूचना दिनांक 13.10.2025 को निर्गत होनी है। अधिसूचना निर्गत होने के पश्चात्, कोई अभ्यर्थी अथवा उसका प्रस्तावक निर्वाची पदाधिकारी या उनके द्वारा नामित सहायक निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। नामांकन पत्र NIA Act में वर्णित अवकाश को छोडकर दिनांक 20.10.2025 तक दाखिल किया जा सकता है। नामांकन हेतु नामांकन राशि समान्य अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रूपये तथा अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति के लिए 05 हजार रूपये निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अभ्यर्थियों का एक-एक प्रस्तावक एवं स्वतंत्र अभ्यर्थियों को दस-दस प्रस्तावक की आवश्यकता होगी। प्रस्तावक उसी विधानसभा का होना चाहिए, जिस विधानसभा हेतु नामांकन किया जा रहा है। अभ्यर्थी को भारत का नागरिक होना आवश्यक है साथ हीं, अभ्यर्थी की आयु संवीक्षा की तिथि को कम से कम 25 वर्ष का होना चाहिए। यदि अभ्यर्थी की पृष्ठभूमि अपराधिक है तो उन्हें अपना अपराधिक चरित्र प्रिंट मिडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मिडिया में कम से कम 03 बार प्रकाशित करना अनिवार्य है । जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं कोषांग के कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि नामांकन निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील भाग होता है, जिसके लिए सभी लोगों को नियमों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए तथा सभी लोगों को नामांकन पत्र उपलब्ध कराते हुए स्वयं उसे भरने तथा कार्य में होने वाले कठिनाईयों का समाधान करने हेतु निदेशित किया गया। इस मौके पर सूर्यपूरा अंचल अधिकारी सुश्री गोल्डी तिवारी, बिडिओ प्रियंका कुमारी, बिडिओ प्रभा कुमारी, सीओ पूजा कुमारी सहित सभी निर्वाची पदाधिकारीयों ने भाग लिया।


रिपोर्टर