भिवंडी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विवादों में, अधिकारी हथियार लेकर पहुँचे बाजार – वीडियो वायरल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 14, 2025
- 388 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर महानगर पालिका क्षेत्र में फुटपाथों पर फैले अतिक्रमण से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो चुका है। जगह-जगह हाथगाड़ियां और लावारिस वाहन यातायात को बाधित कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पालिका प्रशासन ने 9 सितंबर 2025 को अतिक्रमण निष्कासन पथक गठित किया, जिसकी जिम्मेदारी अनाधिकृत बांधकाम व अतिक्रमण विभाग के प्रभारी प्रमुख अरविन्द गोविन्द घुंगरे को सौंपी गई। इस टीम में पांच अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं। शनिवार को यह पथक पद्ममानगर स्थित सब्जी बाजार में कार्रवाई के लिए पहुँचा। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान विभाग प्रमुख अरविन्द घुंगरे ने सब्जी विक्रेताओं को धारदार हथियार दिखाकर धमकाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग दुकानें छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागते दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नगरसेवक संतोष शेट्टी मौके पर पहुँचे और उन्होंने तुरंत पालिका आयुक्त अनमोल सागर को फोन कर अधिकारी की शिकायत दर्ज कराई शहरवासियों का कहना है कि पालिका की कार्रवाई अक्सर चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित रहती है। मुख्य बाजार क्षेत्र तीन बत्ती परिसर में कथित रूप से रिश्वत लेकर हाथगाड़ियां लगाई जाती हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जानकारों का कहना है कि अतिक्रमण विभाग प्रमुख का पद तकनीकी योग्यता वाले बिल्डिंग कम इंस्पेक्टर के लिए निर्धारित है, लेकिन भिवंडी पालिका में यह जिम्मेदारी डिग्रीधारकों के बजाय अन्य कर्मचारियों को देने की परम्परा प्रशासक काल में चलता आ रहा है।नतीजतन आए दिन विवाद और अपवाद खड़े हो रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते जा रहे हैं।


रिपोर्टर