अगस्त माह के लिए महावितरण ने लागू किया नया FAC, बिजली बिलों में होगी बढ़ोतरी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 10, 2025
- 295 views
मुंबई । महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (महावितरण) ने अगस्त 2025 बिलिंग माह के लिए ईंधन समायोजन शुल्क (FAC) लागू कर दिया है। यह शुल्क राज्यभर के उपभोक्ताओं के आगामी मासिक बिजली बिलों में जोड़ा जाएगा।जुलाई 2025 में उपभोक्ताओं को नकारात्मक FAC दरों का लाभ मिला था, जिससे बिजली बिलों में कमी आई थी। लेकिन इस बार की घोषणा के अनुसार अगस्त माह के लिए FAC दरें सकारात्मक रखी गई हैं, जिसके चलते उपभोक्ताओं के बिजली बिल में थोड़ी वृद्धि होगी।महावितरण द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, औसतन FAC दर लगभग 30 पैसे प्रति यूनिट निर्धारित की गई है। हालांकि यह दर उपभोक्ता वर्ग और बिजली खपत के स्लैब के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।महावितरण ने उपभोक्ताओं को आगाह किया है कि आने वाले बिल जुलाई माह की तुलना में कुछ अधिक होंगे, क्योंकि इनमें ईंधन लागत से जुड़ा यह समायोजन शुल्क शामिल होगा। गौरतलब है कि FAC एक नियामक व्यवस्था है, जिसे महाराष्ट्र विद्युत नियामक आयोग (MERC) की मंजूरी प्राप्त है। इसका उद्देश्य बिजली खरीद और ईंधन लागत में होने वाले उतार-चढ़ाव का प्रभाव सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचाना है।


रिपोर्टर