भिवंडी के विकास आराखड़े में खामियों पर सवाल, अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में की पहल

भिवंडी। भिवंडी के कल्याण रोड व्यापारी व रहिवाशी संघर्ष समिति और धार्मिक स्थल बचाव समन्वय समिति के ज़िम्मेदार पदाधिकारियों ने विधायक अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में मंत्रालय पहुँचकर नगर विकास विभाग के मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता से मुलाक़ात की। बैठक में भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगरपालिका द्वारा तैयार किए गए प्रारूप विकास आराखड़े की खामियों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि राज्य सरकार ने राजीव गांधी चौक से टेमघर मार्ग तक धार्मिक स्थलों और हज़ारों नागरिकों को बेघर व बेरोज़गार होने से बचाने के लिए 1700 करोड़ रुपये की लागत से मेट्रो परियोजना को भूमिगत किया था। मगर नए प्रारूप विकास आराखड़े में उसी मार्ग को शामिल कर नागरिकों के हितों और सरकार की मंशा को ठेस पहुँचाई जा रही है। समिति की ओर से कहा गया कि इस आराखड़े से न केवल धार्मिक स्थलों पर संकट मंडरा रहा है, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोज़गार पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की प्रस्तुति ध्यानपूर्वक सुनी और आश्वासन दिया कि प्रारूप विकास आराखड़े में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट