विशेष चुनाव प्रेक्षक ने किया बैठक


रोहतास। भारत निर्वाचन आयोग के निदेश के आलोक में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत किये जाने वाले कार्यों के संबंध में सभी राजनीतिक दलों से फिडबैक प्राप्त करने हेतु विशेष प्रेक्षक निर्वाचक सूची नजमुल होदा, भा०पु०से० की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी राजनीतिक दलों के साथ डी०आर०डी०ए० सभागार, सासाराम में एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विशेष प्रेक्षक द्वारा सभी उपस्थित राजनीतिक दलों से कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में कृत कार्यों की गुणवत्ता जानने तथा आपकी बातों को निर्वाचन आयोग तक पहुँचाने हेतु उन्हें भेजा गया है। निर्वाचन मशीनरी में आपकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर निष्पादित कर दिया गया है। लगभग सभी निर्वाचकों का दस्तावेज जमा कर दिया गया है। उसके बाद भी कोई समस्या हो तो अपना विचार रखा जा सकता है। सभी राजनीतिक दलों द्वारा निर्वाचक सूची के गहन पुनरीक्षण में किये जा रहे कार्यों के प्रति संतोष व्यक्त किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी उदिता सिंह द्वारा जानकारी दी गयी कि प्रारूप प्राकशन सूची में दर्ज 2140273 निर्वाचकों में से 2139325 निर्वाचकों अर्थात 99.96 प्रतिशत निर्वाचकों का दस्तावेज अपलोड कर दिया गया है। शेष निर्वाचकों को नोटिस निर्गत किया गया है। जाँच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा यह भी बताया गया कि प्रत्येक सप्ताह प्राप्त होने वाले दावा और आपत्ति के संबंध में सभी राजनीतिक दलों को सूचना दी जाती है। इस क्रम में 23 अगस्त से 29 अगस्त तक प्राप्त प्रपत्र 6-15875, प्रपत्र 7-375 एवं प्रपत्र 8-165 की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध करायी गयी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा कहा गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण में लिंगानुपात तथा निर्वाचक जनसंख्या अनुपात में कमी आयी है, किन्तु पुनरीक्षण कार्यक्रम के पूर्व एवं कार्यक्रम के पश्चात अभी तक लगभग 37000 प्रपत्र 6 प्राप्त हुए है जिनका निष्पादन किया जाना है। निष्पादन के पश्चात निर्वाचक लिंगानुपात एवं एप रेशियो में अपेक्षित सुधार संभावित है। इसके अतिरिक्त 4273 प्रपत्र - 7 तथा 18584 प्रपत्र - 8 प्राप्त हुए हैं। विशेष प्रेक्षक ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों से जानकारी प्राप्त करनी चाही कि क्या इलेक्शन मशीनरी द्वारा किसी समुदाय, वर्ग, जाति, धर्म को टारगेट करके उनका नाम काटा गया है। स्थानीय स्तर पर कोई कमी रह गयी, जिसका निदान नहीं हुआ ? इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत किसी भी राजनीतिक दल को नहीं है। सभी की समस्याएँ सुनी गयी हैं और उन पर कार्रवाई भी की गयी है। इस बैठक में राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष रामचन्द्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के विजय भारती, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष प्रिन्स राज आम आदमी पार्टी के अरूण काशी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया, मार्क्ससिस्ट के मो० सतार अंसारी, जदयू के अलख निरंजन, राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी के मनोज कुमार पासवान एवं कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया, लिबरेशन के नंदकिशोर पासवान उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट