पावरग्रिड की पहल से आजमगढ़ को मिली अत्याधुनिक 128 स्लाइस सी.टी. स्कैन मशीन, ₹6.86 करोड़ की सौगात
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Aug 06, 2025
- 118 views
आजमगढ़, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (POWERGRID) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत आजमगढ़ मंडलीय जिला चिकित्सालय को 128 स्लाइस सी.टी. स्कैन मशीन प्रदान की। इस मशीन की कुल लागत ₹6.86 करोड़ है।
इस अत्याधुनिक मशीन की स्थापना से न केवल आजमगढ़ जनपद बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। आधुनिक तकनीक से युक्त यह सी.टी. स्कैन मशीन रोग के सटीक निदान में मदद करेगी जिससे इलाज में समय और परिणामों की गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होगी। यह मशीन विशेष रूप से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान पावरग्रिड उ.क्षे.-III, लखनऊ के कार्यपालक निदेशक श्री युगेश कुमार दीक्षित, जिलाधिकारी श्री रवीन्द्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, अपर निदेशक-चिकित्सा डा. वी.के. सिंह, प्रमुख अधीक्षक डा. ओम प्रकाश सिंह, और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अब्दुल अज़ीज़ सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस महत्वपूर्ण मौके पर वक्ताओं ने पावरग्रिड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी और आम जनमानस के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।


रिपोर्टर