चुनाव से पहले तेजस्वी संग बिहार घूमेंगे राहुल गांधी, 10 को सासाराम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 04, 2025
- 109 views
रोहतास ।बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दस अगस्त को सासाराम से मतदाता अधिकार यात्रा शुरू करेंगे। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन के अन्य घटक दलों के नेता भी यात्रा में साथ रहेंगे। इस यात्रा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी जुड़ेंगी। राहुल और प्रियंका गांधी की यात्रा 30 से अधिक जिलों से होकर गुजरने की संभावना है।
इस दौरान बीच-बीच में पदयात्रा और सभा भी होगी। इंडिया गठबंधन के नेता इसमें मतदाता पुनरीक्षण की गड़बड़ियों को गिनाएंगे। अपराध, बेरोजगारी, पलायन आदि के मुद्दे भी उठाए जाएंगे। यात्रा का पहला चरण चार दिनों का होगा। सासाराम से यात्रा शुरू होकर औरंगाबाद होते हुए 13 अगस्त को गया पहुंचेगी। दो दिनों के ब्रेक के बाद फिर 16 अगस्त से शुरू होगी। दूसरे चरण की यात्रा गया से नवादा होते हुए जमुई, भागलपुर होते हुए सीमांचल की ओर जाएगी। सीमांचल और कोसी के विभिन्न जिलों से होते हुए यात्रा उसके बाद मिथिलांचल क्षेत्र में जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास में हुई बैठक में इस पदयात्रा की जानकारी दी गई। तेजस्वी ने कहा कि अगस्त 2025 में यह यात्रा निकाली जाएगी। इसके जरिए गठबंधन के नेता बूथ स्तर तक जाएंगे और जनता के बीच मौजूदा एनडीए सरकार की नाकामयाबी को बताएंगे।
बिहार में गहन मतदाता पुनरीक्षण पर जारी सियासी घमासान के बीच राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा सियासत का पारा और बढ़ा सकती है।


रिपोर्टर