
महाराष्ट्र में सीबीएसई 10वीं परीक्षा में टॉपर बनी राजनंदिनी सावंत का भाजपा प्रदेश कार्याध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने किया सम्मान
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Jun 07, 2025
- 44 views
डोंबिवली – डोंबिवली शहर की होनहार छात्रा कुमारी राजनंदिनी सावंत ने सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 499 अंक अर्जित कर महाराष्ट्र राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि पर भाजपा के प्रदेश कार्याध्यक्ष तथा डोंबिवली विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक मा. रविंद्र चव्हाण ने राजनंदिनी का विशेष सत्कार कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक चव्हाण ने कहा, “राजनंदिनी की यह अद्वितीय सफलता न केवल उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि इसमें उसके माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मैं सभी को इस गौरवपूर्ण क्षण के लिए बधाई देता हूँ।”
उन्होंने यह भी कहा कि डोंबिवली शहर केवल साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक क्षेत्र में भी अग्रणी रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी डोंबिवली के छात्र मेरिट लिस्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जो यहां की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राजनंदिनी जैसी प्रतिभाएं इस परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं और इससे संपूर्ण डोंबिवलीवासियों को गर्व की अनुभूति हो रही है।
चव्हाण ने राजनंदिनी के समर्पण की सराहना करते हुए कहा, “उसने अपने कठोर परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और स्पष्ट लक्ष्य के माध्यम से यह असाधारण उपलब्धि हासिल की है। अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने सपनों को साकार करने के लिए इसी प्रकार की निष्ठा से प्रयास करना चाहिए।” राजनंदिनी सावंत की यह सफलता न केवल उनके परिवार और स्कूल के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह संपूर्ण डोंबिवली शहर का मान बढ़ाने वाली उपलब्धि है।
रिपोर्टर