
जिले में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम,प्लास्टिक मुक्त वातावरण का लिया संकल्प
- रामजी गुप्ता, सहायक संपादक बिहार
- Jun 05, 2025
- 25 views
कैमूर।। गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, चित्रांकन प्रतियोगिता तथा प्लास्टिक उन्मूलन जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूलों में बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों से हुई, जिनमें पर्यावरण के महत्व और प्रदूषण के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से पर्यावरण दिवस की भावना को जीवंत किया। जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को मोमेंटम एवं शील्ड देकर सम्मानित गया। वहीं, भगवानपुर स्थित इको पार्क में वन विभाग के कर्मियों द्वारा प्लास्टिक साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जहां बिखरे प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर लोगों को प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) चंचल प्रकाशम ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा आज वैश्विक प्राथमिकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि, "धरती हमारा एकमात्र घर है और इसे हरा-भरा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। हरे जंगल, शुद्ध वायु, निर्मल जल और जैव विविधता मिलकर संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र बनाते हैं, जो जीवन को बनाए रखने में सहायक हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक, वन रेंजर तथा वन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने यह शपथ ली कि वे न सिर्फ पर्यावरण को संरक्षित करेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए और प्लास्टिक के उपयोग से बचे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है।
रिपोर्टर