राजीव गांधी उड़ान पुल पर अवैध डिवाइडर से टकराई कार, बड़ा हादसा टला

भिवंडी। मुंबई से भिवंडी एक ढाबे पर भोजन करने आए परिवार की कार शनिवार रात उस समय हादसे का शिकार हो गई जब वह स्व. राजीव गांधी उड़ान पुल पर अवैध रूप से रखे सीमेंट डिवाइडर से टकरा गई। इस टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद राजीव गांधी उड़ान पुल से लेकर स्व. बालासाहेब ठाकरे उड़ान पुल तक लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों के अनुसार,कल्याण नाका स्थित राजीव गांधी उड़ान पुल पर ट्रैफिक पुलिस ने अवैध रूप से सीमेंट डिवाइडर लगाकर सड़क को दो हिस्सों में बांट रखा है। आरोप है कि इस व्यवस्था का उपयोग पुलिस गलत दिशा से आने-जाने वालों से वसूली के लिए करती रही है। भिवंडी एकमात्र ऐसा शहर है जहां उड़ान पुलों पर भारी सीमेंट डिवाइडर लगाकर सड़क को विभाजित किया गया है। शहर के निवासियों को इसकी जानकारी है, लेकिन बाहर से आने वाले ड्राइवरों के लिए यह एक जाल की तरह साबित हो रहा है। यही कारण है कि आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलों पर रखे इन अवैध डिवाइडरों को तुरंत हटाया जाए। इसके अलावा नदी नाके पर बना मात्र 10 मीटर लंबा डिवाइडर भी जानलेवा बन चुका है। उड़ान पुल से नीचे उतरते ही अचानक यह डिवाइडर सामने आ जाता है, जिसकी जानकारी ड्राइवरों को नहीं होती और ट्रक जैसे भारी वाहन इसके चढ़ते ही पलट जाते हैं। हर महीने यहां इसी प्रकार की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन आंख बंद कर बैठा हुआ है। नागरिकों ने चेताया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट