ऑफिस की दीवार तोड़कर 30 हजार रुपये उड़ाए
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 14, 2025
- 160 views
नारपोली पुलिस ने दर्ज किया मामला, चोरों की तलाश तेज
भिवंडी। शहर के नारपोली क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक कार्यालय की दीवार को तोड़कर अंदर घुस कर 30 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना बालाजी रोड लाइन्स परिसर में हुई, जिसने स्थानीय व्यवसायियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज़ कर दी है।
पीड़ित उत्तम काशीनाथ माली द्वारा नारपोली पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 10 मई की शाम करीब 6:30 बजे से 12 मई की सुबह 10 बजे के बीच घटी। बालाजी रोड लाइन्स के प्रितेश कॉम्प्लेक्स स्थित बिल्डिंग नंबर ए-8 के गाला नंबर 13 में स्थित कार्यालय उस दौरान बंद था। इसी बीच चोरों ने किसी धारदार औजार से कार्यालय की पिछली दीवार में सेंध लगाई और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी चालाकी से टेबल में लगे लॉकर को निशाना बनाया और उसमें रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी ले उड़े। जब 12 मई की सुबह कार्यालय खोला गया, तब यह चोरी उजागर हुई। पीड़ित माली ने तुरंत नारपोली पुलिस को इसकी जानकारी दी।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3),331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हवलदार म्हात्रे इस मामले की जांच कर रहे हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू हो चुकी है। स्थानीय व्यापारियों ने घटना के बाद नाराजगी जताई है और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कारोबारियों में भय का माहौल बना हुआ है।


रिपोर्टर