भिवंडी में पौने पांच लाख की बिजली चोरी। तीन पर केस दर्ज

भिवंडी। शहर में गर्मी के साथ-साथ बिजली चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। बीते दो दिनों में टोरेंट पॉवर कंपनी ने दो अलग-अलग इलाकों में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया है। इन मामलों में कुल तीन आरोपियों के खिलाफ शांतिनगर पुलिस स्टेशन में बिजली अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक नागांव-2, सलामतपुरा स्थित घर क्रमांक 1441 का है, जहां मकान मालिक अहमेर अनवर उर्फ अहमद अंसारी ने टोरेंट पॉवर कंपनी के फ्यूज सेक्शन पिलर से अवैध रूप से कनेक्शन जोड़कर कुल 6,271 यूनिट बिजली की खपत ली। कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार, इस चोरी की कुल राशि 1,62,712.14 रुपये आंकी गई है।दूसरा मामले में चौहान कॉलोनी, रीगल होटल के पास स्थित घर क्रमांक 444 का है, जहां खलील अहमद अंसारी और जाकीर रशीद शेख ने मिलकर मिनी सेक्शन पिलर से अवैध कनेक्शन लेकर 9,332 यूनिट बिजली चोरी की। इस मामले में टोरेंट पॉवर कंपनी को करीब 3,07,846.88 रुपये का नुकसान हुआ है। इन दोनों घटनाओं की शिकायत कंपनी अधिकारियों ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने बिजली अधिनियम 2023 की धारा 135 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि बिजली चोरी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग अब तेज हो रही है, ताकि भविष्य में ऐसे कृत्य करने वालों को कड़ा सबक मिले।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट