आरोपी पकड़ने गई पुलिस पर पथराव, एक पुलिसकर्मी घायल, वाहन क्षतिग्रस्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 18, 2025
- 1009 views
भिवंडी। भिवंडी शहर के वाराला देवी नगर इलाके में नाबालिग लड़की और उसके माता-पिता की पिटाई करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाराला देवी नगर की झुग्गी बस्ती में दो पड़ोसियों के बीच एक नाबालिग लड़की के प्रेम संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान लड़की के माता-पिता और उसे बुरी तरह पीटा गया। इस घटना से डरकर नाबालिग लड़की ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे तुरंत इलाज के लिए आईजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले की जानकारी मिलते ही नारपोली पुलिस स्टेशन की टीम अस्पताल पहुंची और लड़की का बयान दर्ज किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस मामले के आरोपी वाराला देवी नगर की झुग्गी बस्ती में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक आकाश पवार, सुनील शिंदे और सिपाही तडवी एक पुलिस जीप लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंचे।
आरोपियों को पकड़ने के दौरान वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस से बदसलूकी शुरू कर दी। पुलिस ने जब उन्हें रोकने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो 30 से 40 लोगों की भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस हमले में सिपाही तडवी घायल हो गए और पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा। फिलहाल सिपाही तडवी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस उपनिरीक्षक आकाश पवार की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में उमेश गायकवाड़, सचिन साठे, कृष्ण मंडल, नवीन उर्फ चिंट्या, शुभम परुलेकर, उमा वाघमारे, पंकज कांबले और अन्य 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।


रिपोर्टर