आज पांच जगहों पर होगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम, कई योजनाओं का करेंगे शिलान्यास-उद्घाटन


रोहतास।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान कल 19 फरवरी को रोहतास आ रहे हैं। यह पहला मौका है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने एक दिन के कार्यक्रम में जिले के चार प्रखंडों में जाएंगे एवं पांच जगह पर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। रोहतास जिले के जिन चार प्रखंडों में उनका कार्यक्रम निर्धारित है उसमें चेनारी, बिक्रमगंज, संझौली एवं सासाराम है। मुख्यमंत्री सबसे पहले चेनारी प्रखंड के बादलगढ़ पहुंचेंगे, जहां दुर्गावती ईको टूरिज्म एवं एडवेंचर हब का शिलान्यास तथा हॉट एयर बैलून कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावे आदिवासी जनजाति विकास समिति के द्वारा पत्ता प्लेट निर्माण, महुआ आधारित मिठाई निर्माण का निरीक्षण एवं रोहतासगढ़ के संबंध में वृत्तचित्र के अवलोकन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मल्हीपुर में तालाब, डाकघर, जीविका, पुस्तकालय, वीडियो कॉन्फ्रेसिंग कक्ष, आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन एवं निरीक्षण तथा नवनिर्मित सामुदायिक पशु शेड, ड्रीप एरिगेशन एवं विभिन्न स्टॉल के निरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बिक्रमगंज के घुसियाँ खुर्द गांव पहुंचेंगे, जहां इंटीग्रेटेड फॉर्मिंग एवं उत्कर्ष बायोफ्यूल प्लांट का भ्रमण करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से संझौली प्रखंड के बाजितपुर पहुंचेंगे, जहां काँव नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद सड़क मार्ग से वापस हेलीपैड तक पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सासाराम पहुंचेंगे, जहां डीपीआरसी भवन बेदा एवं भेलाड़ी उच्च विद्यालय के नवनिर्मित का उद्घाटन एवं निरीक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस बार का रोहतास यात्रा कई मायनों में खास माना जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री हर वर्ष राज्य के सभी जिलों की यात्रा पर निकलते हैं और सरकार के तरफ से चलाई जाने वाली योजनाओं की समीक्षा एवं जमीनी हकीकत जानने के साथ-साथ वहां की बड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं घोषणा करते हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट